जावरा। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रतलाम जिले के जावरा के पास सादाखेड़ी ओवरपास पर बड़ा हादसा हो गया। सूरत से राजस्थान जा रहे जीएसटी अधिकारी की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ओवरपास से नीचे पलट गई। हादसे में अधिकारी, उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। सभी को जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार से मिले 54.50 लाख रुपए कैश-गहने -
हादसे के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 54.50 लाख रुपए का कैश और गहने बरामद हुए। कैश और गहने कपड़ों के बीच बैग में छिपाकर रखे गए थे। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने कैश और गहनों को जब्ती में लेकर पंचनामा बनाया है।
सूरत से राजस्थान जा रहा था परिवार -
जानकारी के अनुसार परिवार सूरत से राजस्थान के गंगापुर जा रहा था। इसी दौरान सादाखेड़ी ओवरपास पर कार का संतुलन बिगड़ गया और कार नीचे जा गिरी। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस कर रही जांच -
सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा और सरसी पुलिस चौकी इंचार्ज अयूब खान मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि कार में 54.50 लाख का कैश और गहने कहां से आए और कहां ले जाए जा रहे थे। क्या इसका कोई वैध दस्तावेज है। पुलिस घायलों के बयान के बाद और दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।