भौंरासा। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन एक्शन मोड में है। गुरुवार शाम थाना परिसर में दीपावली पड़वा जुलूस की व्यवस्थाओं को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम आनंद मालवीय, एसडीओपी राहुल खरे, नायब तहसीलदार जागृति जाट एवं थाना प्रभारी अनीता सिंह सहित जनप्रतिनिधि और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पड़वा जुलूस के दौरान एक-दूसरे पर पटाखे फेंकने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं कार्बाइड गन की खरीद-बिक्री पर भी प्रतिबंध की जानकारी देते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी गई।
इसके बाद अधिकारियों ने भंवरनाथ मंदिर ग्राउंड में नगर परिषद द्वारा स्थापित 14 पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया और दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली एवं पड़वा जुलूस के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049125083 पर दें।