नीमच। शहर में एक निजी अस्पताल से जुड़ी कथित अनियमितताओं की खबर प्रकाशित करने के बाद निजी समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ गौरव त्रिपाठी को धमकाने और दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल से जुड़े कुछ कर्मचारी गुरुवार, 5 नवंबर को सिंधी कॉलोनी स्थित समाचार पत्र के कार्यालय पहुंचे और खबरें प्रकाशित नहीं करने को लेकर विवाद किया। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निजी अस्पताल के कथित अवैध निर्माण, बेसमेंट और एमओएस उल्लंघन को लेकर अगस्त 2026 में निजी समाचार पत्र में खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। आरोप है कि इसी खबर को लेकर अस्पताल से जुड़े कर्मचारी 5 नवंबर को शाम करीब 4.05 बजे ब्यूरो चीफ गौरव त्रिपाठी के कार्यालय पहुंचे। यहां खबरों को लेकर समझौता करने और आगे खबर प्रकाशित नहीं करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज, अभद्रता और कॉलर पकड़ने की घटना हुई। आरोप यह भी है कि फोन कर 10 से 15 अन्य लोगों को मौके पर बुलाया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक संबंधित लोग वहां से जा चुके थे। इसके बाद जिला युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश मालवीय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पत्रकार कैंट थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
मामले में कैंट पुलिस ने नवीन बैरागी, कमलेश यादव, डॉक्टर देव, चंद्रभान और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच कार्यवाहक प्रधान आरक्षक शिवपाल सिंह को सौंपी गई है।
पुराने मामले को लेकर भी लगाए आरोप-
इस मामले के साथ ही निजी अस्पताल में जून 2025 में राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के निवासी विजेश बावरी के साथ कथित मारपीट का मामला भी चर्चा में आया है। विजेश अपनी बेटी के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि बेटी को उदयपुर रेफर कराने और अस्पताल का बिल चुकाने के बाद उनके साथ मारपीट तथा जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस संबंध में कैंट थाने में शिकायत किए जाने की बात कही गई है।
जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय ने कहा कि पत्रकारों को धमकाकर उनकी खबरों को रोकने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।