रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिपलौदा पुलिस ने एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 110 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। जब्त मश्रूके की कुल कीमत 11 लाख 76 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मालवीय और एसडीओपी जावरा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई 5-6 नवंबर की दरमियानी रात ग्राम पंचेवा के मगरे पर की गई। चौकी प्रभारी सुखेड़ा उपनिरीक्षक राजू मखोड़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुखेड़ा निवासी महेश उर्फ सन्नी सिंघानिया मोटरसाइकिल से जावरा की तरफ से MD ड्रग्स लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान बाइक से आ रहे आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 54 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
इसी रात दूसरी कार्रवाई देवगढ़ फंटा ग्राम आम्बा के पास की गई। सहायक उपनिरीक्षक दीपक दीक्षित को सूचना मिली थी कि दो युवक MD ड्रग्स लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर मनीष मईडा और कुनाल खराड़ी को पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 56 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
पहले मामले में सुखेड़ा निवासी 26 वर्षीय महेश उर्फ सन्नी पिता रामस्वरूप सिंघानिया को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरे मामले में सैलाना निवासी 27 वर्षीय मनीष पिता ओमप्रकाश मईडा और 24 वर्षीय कुनाल पिता वीरसिंह खराड़ी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में थाना पिपलौदा में अपराध क्रमांक 426/2026 और 427/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि MD ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई कहां की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को पूछताछ के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।