नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन तस्कर लाभचंद उर्फ लाभू बंजारा को पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध किया है। आरोपी को 1 वर्ष के लिए केंद्रीय जेल इंदौर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2018 से 2026 तक लगातार मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अपराधों में संलिप्त रहा है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर नशे और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, लाभचंद उर्फ लाभू बंजारा, पिता रोडीलाल बंजारा (35), निवासी ग्राम अरनिया रूंडी, थाना जावद, जिला नीमच के विरुद्ध वर्ष 2018 से 2026 के बीच कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें थाना सादड़ी एवं थाना हमीरगढ़, जिला भीलवाड़ा, थाना जावद, जिला नीमच तथा जीआरपी अजमेर के मामले शामिल हैं। दर्ज छह प्रकरणों में से चार मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बार-बार पकड़े जाने के बावजूद कथित रूप से मादक पदार्थ तस्करी की गतिविधियों में संलिप्त रहा। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर आयुक्त उज्जैन संभाग के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। निरोध आदेश जारी होने के बाद पुलिस चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद की टीम ने 5 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर आदेश के पालन में केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध कराया।
नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी-
जिला दंडाधिकारी नीमच हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आदतन आरोपियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।