देवास। खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या के मामले में देवास पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से दो आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि तीन पुलिस रिमांड पर हैं। वहीं, मामले में एरिया मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों से जुड़े कार्यालयों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की तस्करी देवास, पीथमपुर और अलीराजपुर के रास्ते गुजरात तक की जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस पिछले छह महीने का फास्टैग डाटा निकलवा रही है। इसके विश्लेषण से यह पता लगाया जाएगा कि वाहन किन-किन टोल प्लाजा से और किस समय गुजरे। इसके अलावा वाहनों को मॉडिफाई करने वाले आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए गुजरात, इंदौर सहित अन्य क्षेत्रों में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। अब जांच का मुख्य फोकस शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने पर है।