नीमच। शासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने वाले गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हितग्राहियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और धनतेरस की शुभकामनाएं दीं।
जावद तहसील की ग्राम पंचायत धामनिया के ग्राम गादोला में विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के मुख्य आतिथ्य तथा एसडीएम जावद संजीव साहू की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने पर हितग्राहियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इसी तरह नीमच तहसील के ग्राम छायन में विधायक दिलीप सिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश और एसडीएम नीमच पराग जैन उपस्थित रहे। यहां भी शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण होने पर हितग्राहियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मनासा तहसील के पांच गांवों- अरनियामाली, जेठली, मोखमपुर, तेजपुरिया और हमेरपुरिया में भी स्वामित्व अभिलेख पंजीयन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और एसडीएम मनासा मयूरी जोक की उपस्थिति में हितग्राहियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही उन्हें बधाई और धनतेरस की शुभकामनाएं दी गईं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वामित्व अभिलेख पंजीयन की उपलब्धि साझा की गई और हितग्राहियों के साथ इस उपलब्धि की खुशियां मनाई गईं।