मुरैना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर मुरैना पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के संभागीय कार्यालय का शुभारंभ किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कैलारस शुगर मिल को लेकर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार मिल को शुरू कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। जो भी मिल को लेकर ऑफर देगा, सरकार उस पर विचार करने को तैयार है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम करुआ पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों की निशुल्क रजिस्ट्री के दस्तावेज सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों में रहने वाले लोगों को भी अपने मकान का कानूनी मालिकाना हक मिलेगा। इससे ग्रामीण अपनी संपत्ति के आधार पर बैंक से ऋण लेकर आर्थिक जरूरतें पूरी कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में 50 लाख निशुल्क रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही ग्राम करुआ के प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।