नीमच/सरवानिया महाराज। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से मादक पदार्थ तस्करी (छक्च्ै एक्ट) के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को नीमच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर राजस्थान की विशेष अदालत से स्थायी वारंट जारी था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसपी राजेश व्यास के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरवानिया महाराज चौकी पुलिस को शुक्रवार (24 जुलाई) को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। खबर थी कि भीलवाड़ा के बिगोद थाने का वांछित आरोपी रोशन पिता गब्बा जी बंजारा (32), निवासी खेरखेड़ा (जावद), इलाके में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और आरोपी रोशन को धर दबोचा। भीलवाड़ा पुलिस को सूचित कर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
भीलवाड़ा के एनडीपीएस केस में था वांछित
आरोपी के खिलाफ थाना बिगोद (जिला भीलवाड़ा, राज.) में धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट (प्रकरण क्र. 36/25) के तहत मामला दर्ज था। वह काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
टीम को सराहाः एएसपी हेमलता अग्रवाल व जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में आरक्षक विजय बहादुर, मनीष माली, नंदकिशोर और भीलवाड़ा पुलिस के प्रआर प्रताप व आरक्षक सुंदरलाल की मुख्य भूमिका रही। एसपी ने स्पष्ट किया है कि फरार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।