मंदसौर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित श्नशे से दूरी है ज़रूरीश् विशेष अभियान 2.0 के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना नाहरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 4 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना नाहरगढ़ पुलिस टीम ने डीगांव-बसई रोड स्थित बालाजी मंदिर के सामने बेटीखेड़ी फंटा पर नाकाबंदी की। इस दौरान हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14-झेडएच-6741 पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पिता शंकरलाल ढोली (35 वर्ष), निवासी प्रतापनगर, गरोठ, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना नाहरगढ़ में अपराध क्रमांक 302/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की 4 किलोग्राम अफीम तथा घटना में प्रयुक्त 50 हजार रुपये मूल्य की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं इसके स्रोत के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वरुण तिवारी एवं थाना नाहरगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।