नीमच। नारकोटिक्स प्रकोष्ठ ने ‘प्रहार’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 54 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। सफेद रंग की एक ट्रैवलर वाहन से बरामद इस अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पाया गया कि तस्करों ने ट्रैवलर की पिछली सीट के ऊपर छत के हिस्से में एक गुप्त खांचा (सीक्रेट कंपार्टमेंट) बना रखा था, जिसमें अफीम छिपाकर ले जाई जा रही थी।

यह कार्रवाई नारकोटिक्स विंग इंदौर के मार्गदर्शन में की गई, जिसे विभाग ने बड़ी सफलता बताया है। पुलिस ने मामले में ड्राइवर एवं सप्लायर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

हालांकि, आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आमतौर पर ऐसी बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान उजागर करती है, लेकिन इस मामले में नाम गोपनीय रखे गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए फिलहाल गोपनीयता बनाए रखना आवश्यक है। वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता हो सकती है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
