मंदसौर। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर कपिल मेहता के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर द्वारा न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक सेवा से संबंधित विषयों पर निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर सिद्धार्थ तिवारी ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उक्त प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार और विद्यालय की प्राचार्य विनीता प्रधान भी उपस्थित रहे। सेंट थॉमस विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तिवारी ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया और विधिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल क्रमांक 2 विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय, नूतन माध्यमिक विद्यालय, और शासकीय बालिका विद्यालय बालागंज ,शासकीय एकीकृत कन्या विद्यालय ग्राम ढ़िकोला, शासकीय बालिका उच्चतर बालिका विद्यालय भानपुरा में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 9 नवंबर 2024 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता हेतु प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में पैरा लीगल वालंटियर सीमा नागर, सलमा सैयद, संजय नीमा, मुकेश आचार्य द्वारा भी सक्रिय सहयोग प्रदाय किया गया।