गरोठ। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित श्राहगीर अभियानश् के तहत गरोठ उपखंड के ग्राम बरडिया इस्तमुरार में 2.5 किलोमीटर लंबे खेत मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई है। इससे अब किसानों की खेतों तक सुगम एवं निर्बाध पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।
एसडीएम राहुल चौहान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम बरडिया इस्तमुरार में अभियान चलाकर 1.5 किलोमीटर लंबे एवं 40 फीट चौड़े रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कर मुरम-पत्थर डालकर आवागमन योग्य बनाया। वहीं, लगभग एक किलोमीटर लंबे दूसरे कच्चे रास्ते को भी अतिक्रमण हटाकर समतल किया गया, जिससे अब उस पर आसानी से आवाजाही हो सकेगी।
जनभागीदारी से हुए इस कार्य में ग्राम पंचायत एवं किसानों का सराहनीय सहयोग रहा। मार्गों पर मुरम डालने से बारिश के दौरान भी किसानों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। अब किसान ट्रैक्टर सहित बुवाई एवं कटाई के कृषि उपकरणों को आसानी से अपने खेतों तक ले जा सकेंगे।
एसडीएम राहुल चौहान ने कहा कि राहगीर अभियान का उद्देश्य प्रत्येक किसान को उसके खेत तक सुगम रास्ता उपलब्ध कराना है। बरडिया इस्तमुरार में पंचायत एवं किसानों के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
मार्ग सुगम होने पर किसानों ने कलेक्टर अदिति गर्ग एवं एसडीएम राहुल चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।