नीमच। 70वीं राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में नीमच जिले के खिलाड़ी अंशुल नागदा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 98 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 11 सितंबर 2026 तक सीहोर के खेल परिसर में किया गया।
प्रतियोगिता में नीमच जिले के चार खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इनमें शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में अध्ययनरत ग्राम कोटड़ी ईस्तमुरार निवासी अंशुल नागदा ने 98 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
स्वर्ण पदक जीतने के साथ अंशुल ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए टीम में स्थान बनाया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन इंफाल, मणिपुर में किया जाएगा।
अंशुल की उपलब्धि पर कलेक्टर हिमांशु चंद्र एवं जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मुंद्रा ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अंशुल के प्रशिक्षक एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी ईस्तमुरार के पीटीआई वेंकटेश जाट ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।