खरगोन। नीट परीक्षा निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस, एनएसयूआई, युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में शहर में विशाल मशाल रैली निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने केंद्र सरकार तथा परीक्षा नियामक एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल नीट का पेपर लीक होना बेहद शर्मनाक है। इससे लाखों होनहार विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक और परीक्षाएं निरस्त होने से युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “मृत हो चुके परीक्षा सिस्टम” को श्रद्धांजलि देने के लिए यह मशाल रैली निकाली गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थी मानसिक तनाव में हैं, वहीं अभिभावक भी बच्चों के भविष्य को लेकर गहरी चिंता में हैं।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या संस्था पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से पेपर लीक करने वाले गिरोहों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र संगठन के पदाधिकारी और महिला कांग्रेस की सदस्य मौजूद रहीं।