नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की राष्ट्रगान सभा से हुआ, जहां कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके पश्चात छात्राओं के लिए निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय मैं भारतीय हूं तथा पोस्टर प्रतियोगिता का विषय भारतीय सेना रखा गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और देशप्रेम का प्रभावी प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सतत प्रयास ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज एवं देश की उन्नति में बाधक तत्वों की पहचान कर उनसे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं महाविद्यालय की एनसीसी इकाई की कैडेट्स ने नीमच स्थित शहीद स्मृति स्मारक पहुंचकर कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम में सहभागिता कर देश के वीर सपूतों को नमन किया।
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।