नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने सोमवार को वार्ड क्रमांक-27 स्थित अल्कोलाइट कॉलोनी पहुंचकर महिलाओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी। उन्होंने घरों में सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरे का पृथक-पृथक संग्रहण कर कचरा वाहन में ही डालने के लिए जागरूक किया।
बामनिया ने महिलाओं को कचरा सड़क या नालियों में नहीं फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने विश्वास दिलाया कि वे अपने घरों में सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित कर नगर पालिका के कचरा वाहन में ही डालेंगी तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता जागरूकता अभियान से जुड़ी एनजीओ यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट (आईईसी) की सदस्य जाईन खान भसीन, निकिता जाट, देवकिशन सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।