मनासा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा के अध्यक्ष सुरेंद्र श्याम सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अनुशासन, विचारधारा, संगठनात्मक मर्यादा और सामूहिक नेतृत्व में विश्वास रखने वाली पार्टी है। ऐसे में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य एवं वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी नटराजन के संबंध में स्वयं को ष्राहुल प्रियंका गांधी सेनाष् का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले जगदीश शर्मा द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी निंदनीय है और कांग्रेस की परंपरा के विपरीत है।
सुरेंद्र श्याम सोनी ने स्पष्ट किया कि ष्राहुल प्रियंका गांधी सेनाष् भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अधिकृत संगठन नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संगठन द्वारा मनासा विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित किसी भी धरना-प्रदर्शन या कार्यक्रम को न तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा और न ही जिला कांग्रेस कमेटी नीमच की कोई स्वीकृति या अधिकृत समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार में कांग्रेस के नाम का उपयोग करना भ्रामक और असत्य है, जिसका ब्लॉक कांग्रेस कमेटी स्पष्ट रूप से खंडन करती है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन अपनी निजी संस्था बनाकर कांग्रेस के नाम का उपयोग करता है और स्वयं को कांग्रेस का प्रतिनिधि बताता है, तो इससे संगठन की एकजुटता और अनुशासन प्रभावित होता है। कांग्रेस के सभी आंदोलन और कार्यक्रम केवल पार्टी के अधिकृत संगठनात्मक ढांचे तथा शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार ही संचालित किए जाते हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को भी दे दी गई है, ताकि संगठनात्मक गरिमा और अनुशासन के अनुरूप आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
अंत में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केवल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिकृत संगठनात्मक निर्देशों और अधिकृत मंचों पर ही विश्वास करें तथा किसी भी अनधिकृत संगठन या भ्रामक प्रचार से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व्यक्ति नहीं, विचारधारा का नाम है। कांग्रेस की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक गरिमा सर्वाेपरि है।