शहडोल। देश में नीट परीक्षा को लेकर छात्रों के अधिकारों की लड़ाई अभी थमी भी नहीं है कि अब शहडोल जिले से सरकारी शिक्षा व्यवस्था की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जिले के अंतिम छोर ब्यौहारी विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं में मासूम बच्चे पढ़ाई करने नहीं, बल्कि स्कूल का ताला खोलने और साफ-सफाई करने पहुंच रहे हैं। आरोप है कि शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं आते, जिसके चलते शिक्षा की आस में बच्चे खुद ही स्कूल खोलते हैं और परिसर की सफाई करते हैं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहडोल जिले के ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय कोलान कुआं के बच्चे हाथों में झाड़ू लेकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय छात्रों का आरोप है कि वे रोजाना स्वयं स्कूल का गेट खोलते हैं और शिक्षक अक्सर सुबह करीब 11 बजे विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों का कीमती पढ़ाई का समय बर्बाद हो रहा है। सवाल यह है कि जिन नौनिहालों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, वे आखिर झाड़ू क्यों उठा रहे हैं। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।