नीमच। सोशल मीडिया पर श्री रतन स्वीट्स एंड बेकरी, लायंस पार्क स्क्वेयर, सीआरपीएफ नीमच के परिसर को खोले जाने एवं खाद्य अनुज्ञप्ति बहाल किए जाने संबंधी भ्रामक समाचार प्रसारित किए जा रहे हैं।
एसडीएम संजीव साहू ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि 15 मई 2026 को जिला प्रशासन की टीम द्वारा गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर रतन स्वीट्स एंड बेकरी को तत्काल प्रभाव से बंद किया गया था।
उन्होंने बताया कि संबंधित फर्म का निर्माण, विक्रय एवं भंडारण कार्य पूरी तरह से बंद है तथा खाद्य अनुज्ञप्ति भी निलंबित है। परिसर को न तो खोला गया है और न ही इसे पुनः संचालित किया गया है।
एसडीएम ने कहा कि लाइसेंस निलंबन की स्थिति अभी भी यथावत है और इसे बहाल नहीं किया गया है। उन्होंने आमजन एवं मीडिया से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।