चित्तौड़गढ़। बिड़ला कॉर्पाेरेशन लिमिटेड द्वारा सीएसआर के अंतर्गत ग्राम सुरजना में किसानों के लिए हल्दी बीज वितरण एवं उन्नत कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैकल्पिक एवं लाभकारी खेती के प्रति प्रोत्साहित कर उनकी आय में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सुरजना सहित आसपास के गांव आछोड़ा, सेमलपुरा, गुर्जरखेड़ा, धोर्डिया, नगरी एवं सुरजना दमदमा के कुल 40 किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले हल्दी बीज का वितरण किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़गढ़ के कृषि विशेषज्ञ डॉ. रतनलाल सोलंकी ने किसानों को हल्दी की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीक, बीज उपचार, जैविक प्रबंधन एवं बेहतर बाजार संभावनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के आधुनिक तरीकों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम चंदेरिया सीमेंट वर्क्स के एचआर हेड हेमंत श्रीवास्तव के उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने किसानों को कृषि में नवाचार अपनाने, फसल विविधीकरण करने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कंपनी ग्रामीण विकास एवं किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसानों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए बिड़ला कॉर्पाेरेशन लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त किया।