शिवपुरी। इंदौर से शिवपुरी लौटते समय मक्सी में होटल के बाहर खड़ी इंटरसिटी बस में लगी आग में 4 वर्षीय मासूम अनय जैन की दर्दनाक मौत के बाद पूरे शिवपुरी में आक्रोश फैल गया। इस हृदयविदारक घटना ने शहर को भीतर तक झकझोर दिया है।
भीषण गर्मी के बीच सोमवार को सैकड़ों लोग मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए इंसाफ की मांग करने पहुंचे। हाथों में तख्तियां और आंखों में आंसू लिए लोग प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर मासूम अनय जैन के माता-पिता ने अधिकारियों और मौजूद लोगों के सामने हादसे की भयावहता बयान की। जैसे-जैसे वे उस दर्दनाक मंजर का जिक्र करते गए, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल भावुक हो उठा।
प्रदर्शनकारियों ने शिवपुरी कलेक्टर ।तचपज टमतउं को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। मृतक बच्चे के परिजनों और नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि घोर लापरवाही, अमानवीयता और सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी का मामला है।
लोगों ने आरोप लगाया कि शिवपुरी जिले से होकर रोजाना कई इंटरसिटी बसें गुजरती हैं, जिनमें से अनेक बसें खराब स्थिति में संचालित हो रही हैं। कई बसों में न तो फिटनेस मानकों का पालन होता है और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मौजूद रहते हैं, जिससे यात्रियों की जान लगातार खतरे में रहती है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दोषी बस संचालकों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं दोबारा न हों।