बड़वानी। सेंधवा में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। यह रैली विधायक कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस दौरान सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
मशाल मार्च को कांग्रेस जिला अध्यक्ष नानेश चौधरी, ग्यारसिलाल रावत, पोरलाल खरते, सिलदार सोलंकी और इकबाल शाह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। रैली में नासिर खान, हरचरण सिंह भाटिया, दिलीप काका, राजेंद्र गाडवे और अटल आर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।