नीमच। तहसील मनासा के ग्राम खेड़ाबाराजी कंजार्डा निवासी कलाबाई भील ने पति के निधन के बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र और विधवा पेंशन शुरू नहीं होने पर जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि कलाबाई के पति शम्भूलाल भील का बीमारी के चलते 9 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद महिला ने ग्राम पंचायत धाकड़खेड़ी के सचिव से कई बार मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया, लेकिन छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया है। महिला का आरोप है कि पंचायत के लगातार चक्कर लगाने पर केवल आश्वासन दिया जाता रहा।
प्रार्थीया ने बताया कि पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। वह मजदूरी कर अपने चार छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी विधवा पेंशन भी शुरू नहीं की गई है। महिला ने यह भी बताया कि उन्हें लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं संबल योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
कलाबाई ने कलेक्टर से मांग की है कि उनके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करवाया जाए तथा विधवा पेंशन सहित शासन की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जाएं।