नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित कर 120 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान कई गंभीर मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई। बघाना निवासी अजय ग्वाला के पुत्र के उपचार हेतु रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए। वहीं नीलिया निवासी शैतान भील के पति के इलाज के लिए भी रेडक्रॉस सहायता एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निरूशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सिंगोली क्षेत्र में साजन की झोपड़ी जलने की घटना पर कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 12 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता स्वीकृत की।
भूमि विवाद के एक मामले में वसंतपुरा, रामपुरा की दिव्यांग रोड़ीबाई को उसके हिस्से की जमीन का कब्जा दिलाने के लिए एसडीएम एवं तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।