नीमच। दीपावली पर रोशनी और आतिशबाजी के बाजार सजने से पहले ही नीमच में पटाखा बाजार के स्थान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वर्षों से नंबर-2 स्कूल मैदान में पटाखों की दुकानें लगाते आ रहे व्यापारियों के सामने इस बार स्थान परिवर्तन की स्थिति बन गई है। प्रशासन द्वारा पीजी कॉलेज मैदान में बाजार लगाने के निर्णय से नाराज करीब 100 व्यापारी लामबंद हो गए हैं। व्यापारियों ने साफ कहा है कि यदि बाजार शहर से दूर लगाया गया तो वे वहां दुकानें नहीं लगाएंगे और कारोबार से दूर रहेंगे।
व्यापारियों का कहना है कि नंबर-2 स्कूल मैदान शहर के बीचोंबीच होने के कारण ग्राहकों के लिए सुविधाजनक रहा है। इसके विपरीत पीजी कॉलेज मैदान शहर से दूर होने के कारण वहां ग्राहकों की आवाजाही कम रहने की आशंका है। इससे दीपावली के सीजन में उनके कारोबार पर असर पड़ सकता है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
व्यापारियों ने बाजार के लिए नंबर-2 स्कूल मैदान के अलावा जीवाजीराव छात्रावास या मिडिल स्कूल मैदान जैसे वैकल्पिक स्थानों पर विचार करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि ऐसा स्थान तय किया जाए, जहां सुरक्षा व्यवस्था के साथ ग्राहकों की पहुंच भी आसान रहे और व्यापारियों को कारोबार करने में परेशानी न हो।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थान परिवर्तन का फैसला नहीं बदला गया तो वे पीजी कॉलेज मैदान में दुकानें नहीं लगाएंगे। ऐसे में अब प्रशासन के निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि व्यापारियों की मांग पर विचार कर पटाखा बाजार के लिए कोई वैकल्पिक स्थान तय किया जाता है या नहीं।