नीमच। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा चलित नेकी की गाड़ी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर गरीब और जरूरतमंदों के लिए नए एवं पुराने पहनने योग्य कपड़े एवं कंबल एकत्रित करने का अभियान चल रहा है। इस अभियान के अंतर्गत माह के द्वितीय एवं चतुर्थ बुधवार को नेकी की गाड़ी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगी।
डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा करोठिया ने बताया कि 16 नवंबर 2022 बुधवार को सुबह 11 बजे से नीमच के घंटाघर क्षेत्र में नेकी की गाड़ी रेडक्रॉस की टीम के साथ कपड़े एवं कंबल एकत्रित करने हेतु पहुंचेगी। इसी प्रकार 23 नवंबर 2022 को राजस्व कॉलोनी, 14 दिसंबर 2022 को विकास नगर एवं 28 दिसंबर 2022 को हुडको कॉलोनी एवं शिक्षक कॉलोनी में भ्रमण कर गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए कपड़े एकत्रित करने का कार्य करेगी।
रेडक्रॉस द्वारा अपील की गई है कि इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करें एवं गरीबों एवं जरूरतमंदों के लिए कंबल एवं नए व पुराने पहनने योग्य कपड़े जैसे टी शर्ट, पैंट, शर्ट, कुर्ता, साड़ी, मोजे, बच्चों के कपड़े जैसे फ्रॉक एवं जूते आदि अधिकाधिक संख्या में रेडक्रॉस की नेकी की गाड़ी के साथ भ्रमण कर रही रेडक्रॉस की टीम को उपलब्ध करावे ताकि उसको जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके।