भोपाल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने बधाई दी है।
मंत्री सखलेचा ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, अरण्य संस्कृति के उपासक एवं अपने धनुष से औपनिवेशिक ताकतों का घमंड छिन्न-भिन्न करने वाले जननायक भगवान बिरसामुंडा जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्ण नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में एक प्रभावी भूमिका निभाई और जनजातीय समाज को अन्याय के खिलाफ आंदोलन से जोड़ा। आदिवासियों के सम्मान, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और उनकी संस्कृति को बचाने के लिए बिरसा मुंडा जी ने कठिन संघर्ष किये हैं और हम सभी उनकी जयंती के अवसर पर उनके द्वारा किए गए कार्यों को स्मरण कर गौरवांवित महसूस कर रहे हैं।
सखलेचा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाना देश के जनजातीय समाज के गौरव और भगवान बिरसा मुंडा जी के योगदान के प्रति हमारे सम्मान और आभार का प्रतीक है।