नीमच। राजस्थान सरकार के द्वारा हाल ही में पारित विधेयक राइट टू हेल्थ के विरोध में राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश के डॉक्टर भी लामबंद हो गए है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की नीमच इकाई के तत्वावधान में सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पर नगर के प्रमुख चिकित्सकों द्वारा राजस्थान सरकार के विधेयक राइट टू हेल्थ पारित करने के विरोध में कलेक्टर मयंक अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। आज चिकित्सकों ने विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर अपने अस्पतालों में सेवाएं प्रदान की।
ज्ञापन में कहा गया कि राजस्थान सरकार ने राइट टू हेल्थ विधेयक पारित कर चिकित्सकों पर अव्यवहारिक बिल थोप दिया है। जिससे चिकित्सकों के साथ आम जनता को भी पीड़ा उठानी पड़ रही है।चिकित्सकों ने कहा कि यदि राजस्थान सरकार द्वारा यह बिल वापस नहीं लिया गया तो चिकित्सक राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे।डॉक्टर्स का कहना है कि नागरिकों को स्वास्थ्य का अधिकार पहले से प्राप्त है। आर्टिकल 21 में प्रदत्त राइट टू लाइफ में राइट टू हेल्थ स्वतः ही निहित है।प्रस्तावित राइट टू हेल्थ बिल में मरीजों को प्रदान किये जा रहे विभिन्न अधिकार यथा महिलाओं के लिए निजता का अधिकार, इंफोर्मेड कंसेंट का अधिकार, इलाज से संबंधित जानकारी पाने का अधिकार, इलाज के दस्तावेज पाने का अधिकार आदि पहले से ही मरीजों को प्राप्त हैं।सभी अस्पताल इन नियमों का अक्षरशः पालन भी करते हैं।
सरकार द्वारा बार बार ये कहा जा रहा है कि प्रस्तावित राइट टू हेल्थ बिल डब्ल्यूएचओ एवं सर्वाेच्च अदालत के निर्देशों के अनुरूप है। यदि ये सत्य है तो डब्ल्यूएचओ अथवा माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के ऐसे किसी आदेश को सार्वजनिक किया जाए।डॉक्टर ने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निजी अस्पतालों के कंधे पर डालना चाहती है। इलाज उपलब्ध करवाना सरकारों का दायित्व है। सरकार द्वारा थोपा जा रहा मुफ्त का सिस्टम स्थायी नहीं है।राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जनता को गुणवत्ता पूर्ण सेवाएँ दे रहे है।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर अशोक जैन ,सचिव डॉ मनीष चमडिया ,डॉ आर पी माहेश्वरी, डॉ मनीषी मेहता ,डॉक्टर राजेंद्र ऐरन, डॉक्टर अमित गोयल ,डॉक्टर आदित्य भंडारी ,डॉक्टर एलबीएस चौधरी ,डॉक्टर एस. वधवा, डॉक्टरआशा चौधरी , डॉक्टर सोमिता मेहता,डॉ अभिषेक तिवारी ,आर के भंडारी , डॉक्टरअभिषेक तिवारी, डॉक्टर राहुल पाटीदार , डॉ पियुष प्रधान , डॉक्टरअर्नव चन्देल, डॉक्टर निलेश पाटीदार, डॉ कमलेश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में नीमच के निजी चिकित्सक उपस्थित रहे।