नीमच। सारथी विश्वकर्मा सेवा कल्याण संगठन भारत के तत्वावधान में 14 जून को नीमच के टाउन हॉल में विश्वकर्मा समाज का भव्य प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश के 12 राज्यों से समाज के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं महिला पदाधिकारी शामिल होंगे। समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर आयोजित यह सम्मेलन विशेष महत्व रखता है।
सम्मेलन की जानकारी देते हुए युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद मेवाड़ा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्वकर्मा समाज को एक सूत्र में पिरोकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद विश्वकर्मा पदभार ग्रहण करेंगे। वहीं विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि समाज के विकास, सामाजिक उत्थान और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा करेंगे।
अरविंद मेवाड़ा ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से राजनीतिक दलों को यह स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि विश्वकर्मा समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं देखा जाए। समाज की जनसंख्या, सामाजिक योगदान और भूमिका के अनुरूप उसे सत्ता और चुनावी राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की एकता, शक्ति और जागरूकता का बड़ा प्रदर्शन साबित होगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां पिछले 15 दिनों से युद्ध स्तर पर चल रही हैं। तैयारियों का जायजा लेने वे इंदौर से नीमच पहुंचे हैं। आयोजन में करीब 400 प्रतिनिधियों और समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में विश्वकर्मा समाज की आबादी लगभग 45 लाख है। ऐसे में समाज अब अपने अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर संगठित रूप से आवाज बुलंद कर रहा है। उनका कहना है कि 14 जून को होने वाला यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।