रतलाम। उड़ीसा में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटे रतलाम जिले के खिलाड़ियों का नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के सम्मान में जावरा नगर से स्वागत यात्रा निकाली गई, जो भूतड़ा, उपलाई, केरवासा, सरसी, पाताखेड़ी सहित कई गांवों से होकर गुजरी, जहां ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।
इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4 स्वर्ण, 1 रजत और 7 कांस्य सहित 14 पदक अपने नाम किए। वहीं रतलाम जिले के खिलाड़ियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान देते हुए 4 स्वर्ण सहित कुल 9 पदक हासिल किए।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता एमेच्योर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ ओडिशा द्वारा केटी ग्लोबल स्कूल में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के 28 राज्यों के लगभग 800 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मध्यप्रदेश टीम का नेतृत्व किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष विनोद सुंडावले ने किया, जबकि कोच के रूप में जितेंद्र राठौड़ ने टीम का मार्गदर्शन किया। रेफरी के रूप में शुभम खराड़ी और आकांक्षा यादव ने जिम्मेदारी निभाई।
संघ के महासचिव आशुतोष दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को ट्रैकसूट प्रदान किए गए, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ा।
रतलाम के खिलाड़ियों में प्रतिज्ञा राठौर (44 किग्रा), नंदनी राठौर (लो किक -40 किग्रा), शिवानी चौधरी (लो किक -44 किग्रा) सहित अन्य खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। राजश्री राठौर ने भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
जिला किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभम तलोदिया ने बताया कि रतलाम के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर समाजसेवियों सहित कई गणमान्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, जिनमें चंद्रप्रकाश औसतवाल, राजेंद्र सिंह, अनिल दसेड़ा, भारती भावसार, शंभुलाल चौधरी, शेख शरीफ उद्दीन सहित कई लोग शामिल रहे।