नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम अमावली जागीर की एक महिला ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़िता गीता बाई मीणा ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 5 जून को उनके जेठ शोभाराम मीणा ने कथित रूप से शराब के नशे में उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। महिला का आरोप है कि अगले दिन जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो शोभाराम मीणा और उसकी पत्नी कंचन मीणा ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन के अनुसार विवाद के दौरान शोभाराम मीणा ने पत्थर से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें पहले जीरन अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया।
महिला का कहना है कि घटना की शिकायत और मेडिकल परीक्षण होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।