प्रतापगढ़। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने वीर बाला कालीबाई प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में शिक्षा, खेल, चिकित्सा और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 300 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
स्टूडेंट्स को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किया
प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने इन विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किए। समारोह में गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. केशव सिंह ठाकुर और विद्यार्थी परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री वीरेंद्र सिंह शक्तावत भी उपस्थित रहे।
मंत्री हेमंत मीणा ने बताया प्रेरणा का स्त्रोत
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी अंचल की प्रतिभाओं को सम्मानित करने का यह आयोजन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री वीरेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया- विद्यार्थी परिषद अपनी स्थापना के 78 वर्ष पूरे कर चुकी है। उन्होंने कहा कि परिषद राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े युवाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित कर रही है।
गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. केशव सिंह ठाकुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। समारोह से पूर्व पीजी कॉलेज पहुंचने पर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा का भव्य स्वागत किया गया।