शाजापुर। 'युवा बचाओ-देश बचाओ मंच' ने NEET-2026 परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के विरोध में महुपुरा चौराहा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से बस स्टैंड तक रैली निकाली। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम नायब तहसीलदार राकेश चौहान को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की गई है। मंच का आरोप है कि इस राष्ट्रीय परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक की खबरों से देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्रालय को परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने में विफल बताते हुए नैतिक जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में जांच की मांग
'युवा बचाओ-देश बचाओ मंच' ने NEET-2026 मामले की सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। साथ ही परीक्षा माफिया, दलालों और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।