नीमच। प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं Mrs. India-2017 परिधि भटनागर ने नीमच पुलिस द्वारा संचालित जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" से जुड़कर आमजन, विशेषकर युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है।
परिधि भटनागर ने अपने संदेश में कहा कि नशा युवाओं के सपनों को तोड़ देता है और उन्हें अंधकारमय भविष्य की ओर धकेल देता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशे के खिलाफ चल रहे जनजागरण अभियान का हिस्सा बने। यदि कहीं भी ड्रग्स की बिक्री, सेवन अथवा उससे जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। आपकी एक जागरूक सूचना किसी युवा का भविष्य बचाने के साथ एक परिवार की खुशियां लौटा सकती है।
उन्होंने आमजन से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा, "Say No to Drugs" और "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" को जन-जन का अभियान बनाएं। एक जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। आइए, नीमच पुलिस के साथ मिलकर नशामुक्त नीमच और सशक्त भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।