नीमच। जिले के धनेरिया कला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी भी की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नीमच ग्रामीण-1 के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धनेरिया कला चौराहे पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन पटवारी नरेंद्र पाटीदार को सौंपा।
ज्ञापन में नई दिल्ली में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा एवं अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया। साथ ही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं को लेकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने का मुद्दा भी उठाया गया।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा अनियमितताओं के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने तथा प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने की मांग की। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने धनेरिया कला चौराहे पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बघाना थाना पुलिस का बल भी मौके पर तैनात रहा।