चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ की प्रतिभाशाली छात्रा ऋषिका सेठिया का चयन जापान के फुकुओका शहर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीस एम्बेसडर कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ऋषिका अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शांति, नेतृत्व, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक नागरिकता का संदेश देंगी।
उल्लेखनीय है कि लगभग छह वर्ष पूर्व ऋषिका ने इसी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में जूनियर एम्बेसडर के रूप में भारत का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व किया था। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता को देखते हुए इस वर्ष उन्हें पीस एम्बेसडर के रूप में पुनः चयनित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों के साथ शांति, नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक सहयोग और वैश्विक मित्रता से जुड़े विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों में भाग लेंगी।
जापान रवाना होने से पूर्व ऋषिका ने जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेसी भरत आचार्य से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्राप्त कीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं मूल्यों का संदेश विश्व समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
जेसीआई राजस्थान के जोन अध्यक्ष जेसी बी. के. डाड एवं जेसीआई चित्तौड़ के अध्यक्ष जेसी खुश गुरबानी ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिका की यह उपलब्धि न केवल चित्तौड़गढ़, बल्कि पूरे राजस्थान और भारत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऋषिका अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय युवा नेतृत्व और संस्कृति का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करेंगी।
ऋषिका, सीए नितेश सेठिया एवं सीए रीना सेठिया की सुपुत्री हैं। उनके पिता सीए नितेश सेठिया, जेसीआई इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष (Past National Treasurer) रह चुके हैं तथा सामाजिक एवं नेतृत्व विकास के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट पहचान है।
ऋषिका के चयन पर जेसीआई परिवार, समाज के गणमान्य नागरिकों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण जापान प्रवास के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।