मनासा। नगर के भाटखेड़ी बायपास स्थित कवि नगर क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि समस्या को लेकर न तो नगर परिषद मनासा ध्यान दे रही है और नहीं पीडब्ल्यूडी विभाग, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक भाटखेडी बायपास पर एक ओर नगर परिषद द्वारा गहरा गड्ढा खोद दिया गया है, वहीं दूसरी ओर विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर के तार बरसात के दिनों में जलभराव के कारण पानी में डूब जाते हैं। क्षेत्र में पानी भरने की समस्या भी बनी रहती है, जिससे स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। बरसात के मौसम में करंट फैलने और वाहन दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो किसी भी दिन बड़ी जनहानि हो सकती है। नागरिकों ने नगर परिषद मनासा एवं संबंधित विभागों से तत्काल गड्ढे को भरवाने, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने तथा विद्युत ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।