भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग में कार्यरत नवीन शैक्षणिक संवर्ग के शिक्षकों (प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक) की लंबित क्रमोन्नति, पदोन्नति, प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की गणना, अनुकम्पा नियुक्ति, समय से वेतन की मांग और विभिन्न समस्याओं को लेकर 29 अगस्त को शिक्षक भोपाल में धरना के साथ अनशन करेंगे।
शासकीय शिक्षक संगठन के बैनरतले होने वाले इस धरने में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। संगठन की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने बताया कि धरना नीलम पार्क में दिया जाएगा। जिसमें संगठन के अध्यक्ष राकेश दुबे प्रांतीय कार्यकारिणी के साथ बैठेंगे। उन्होंने बताया कि मांगों और धरने को लेकर शासन का नकारात्मक रुख होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
प्रांतीय पदाधिकारी, संभागीय अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष भोपाल ने धरने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। संगठन से संबद्ध शिक्षकों को अनिवार्य रूप से धरने में शामिल होने को कहा गया है। कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उपेंद्र कौशल, महासचिव जितेंद्र शाक्य, जिलाध्यक्ष भोपाल राजेश साहू, कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने धरने में शामिल होने के लिए आने वाले शिक्षकों से कहा है कि वे एक दिन का अवकाश लेकर ही आएं, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।