आगर मालवा। एससी आरक्षण में क्रीमी लेयर यानी कोटे में कोटा को लेकर बुधवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। बंद का आगर मालवा जिले के सुसनेर, नलखेड़ा, कानड़ और सोयत में मिला-जुला असर दिखाई दिया।
जिला मुख्यालय पर एससी संगठन के कार्यकर्ताओं ने गांधी उपवन में एकत्रित होकर रैली निकाली और शहर में घूम कर दुकान बंद करने का आह्नान किया। रैली को देखकर कई लोगों ने अपनी दुकान बंद की वहीं रैली के निकलने के बाद फिर दुकान खोल ली।
हालांकि कहीं भी जबरदस्ती दुकानें बंद करवाने का मामला सामने नहीं आया। रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची जहां संगठन के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।