मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर अदिती गर्ग द्वारा सुशासन भवन सभाकक्ष में 57 ग्रामीणजनों की समस्याएं सुनी। अधिकारियों को जल्दी निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान निवासी दौरवाड़ा के राजूलाल द्वारा कृषि भूमि में विघुत डीपी व विघुत कनेक्शन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर द्वारा एमपीईबी को निर्देश दिये की आवेदक को डीपी व कनेक्शन जल्द प्रदाय करें। नवकार सिल्वर टाउनशीप कॉलोनी के निवासियों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया कि कॉलोनी में नाले का पानी इक्कट्ठा होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर द्वारा सीएमओ नगरपालिका को निर्देश दिये की नाले की सफाई करें। गरोठ के तेजमल द्वारा प्रोविजनल पेंशन एवं ग्रेज्यूटी के भुगतान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये की प्रोविजनल पेंशन एवं ग्रेज्यूटी का भुगतान जल्द करें। ग्राम सेमली के तुलसीराम द्वारा जमीन पर कब्जा हटाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये। जिस पर कलेक्टर द्वारा मंदसौर तहसीलदार को निर्देश दिये कि प्रार्थी की जमीन से कब्जा हटाकर भूमि प्रदान करें। जनसुनवाई में बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास मंजूर करने, निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद, बीमारी सहायता, आपसी विवाद, शिक्षा ऋण दिलाने, सामुदायिक सुविधा घर (कम्युनिटी टायलेट) बनवाने आदि विषयों के आवेदन प्राप्त हुये। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।