देवास। अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज के तत्वावधान में भगवान जगदीश की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा शहर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रथ यात्रा में क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी भी शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। सुसज्जित रथ पर विराजित भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने रस्सी खींचकर रथ को आगे बढ़ाया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
यात्रा के दौरान ऊंट, घोड़े, बैंड-बाजे और भक्ति संगीत आकर्षण का केंद्र रहे। “जय जगन्नाथ” के जयकारों से शहर गूंज उठा। बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। यातायात व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
भगवान जगदीश की यह रथ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बनकर सामने आई।