गरोठ। नगर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जय जगन्नाथ के जयघोष, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसादी एवं शीतल पेय का वितरण किया गया, वहीं महिलाओं ने आरती उतारकर एवं रंगोलियां सजाकर भगवान जगन्नाथ का अभिनंदन किया।
यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान के रथ को रस्सी से खींचकर अपनी आस्था प्रकट की। भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा।
रथयात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्थाएं की गईं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।