रतलाम। जिले में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। अभियान के तहत जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र की सरसी चौकी प्रभारी अयूब खान महावीर कान्वेंट स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी ने बच्चों को बताया कि नशा स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, करियर और परिवार को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण घरेलू विवाद, आर्थिक परेशानियां और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
पुलिस अधिकारी ने सिगरेट, तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों से होने वाली गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध और नशे के नए तरीकों से बचाव के उपाय भी बताए।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ ने “हम नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी दूर रखेंगे” की शपथ ली। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।