डबरा। मध्य प्रदेश में डबरा के पॉश इलाके सराफा बाजार में स्तिथ दो मंजिला घर में बने कटपीस कपड़े के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया की गौदाम के दूसरी मंजिल पर निवास करने वाले लोगों ने आग लगते ही भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना के बाद भी नगर पालिका का दमकल वाहन लगभग 1 घंटे में पहुंचा।
वहीं जब आग पर पानी फेंकना शुरू किया तो लेजम खराब निकली और कर्मचारी बिना नोजल लिए पहुंच गए। जिसके चलते आग बुझाने में समय लगा। बाद में बिलोआ नगर परिषद और बीएसएफ अकादमी टेकनपुर से फायर बिग्रेड पहुंची तब जाकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पानी के टैंकरों का सहारा भी लिया गया। वहीं घर मालिक सुरेश गोदानी ने एसडीएम तक को फोन लगाकर मदद की गुहार लगाई और डबरा की फायर बिग्रेड की लेजम को खुद पकड़कर आग बुझाने का कोशिश की।
बतादें कि डबरा नगर पालिका आपसी खींचतान के कारण इन दिनों अव्यवस्थाओं के दौर से गुजर रही है। जिसका उदाहरण आज आग जनी की इस घटना पर भी देखने को मिला। दमकल दस्ते पर पहुंचे कर्मचारी बिना ड्रेस कोड और चप्पलों में नजर आए। साथ ही फायर बिग्रेड मशीन में आधी मात्रा में पानी लेकर पहुंचे तो वही पानी फेंकने वाली लेजम जगह-जगह से फूटी निकली। इन व्यवस्थाओं को देख लोगो का गुस्सा फूटता नजर आया। घर मालिक सुरेश गोदानी ने भी नगर पालिका कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए तो वही नगर पालिका के उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे भी इस लापरवाही को लेकर अधिकारी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कोई अधिकारी सुनता ही नहीं है वही इस आग जनी को घटना में करीब 10 लाख का माल जल गया। जिसमें गद्दे। बेडशीट सहित कपड़े शामिल हैं।