मंडला। जिले के कान्हा नेशनल पार्क के 4 वनकर्मियों को मप्र वन विभाग ने कमेन्डेशन डिस्क और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। बुधवार को वन भवन भोपाल में आयोजित अलंकरण समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक असीम श्रीवास्तव ने कान्हा के वनकर्मियों सहित प्रदेश के 46 वनकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए कमेन्डेशन डिस्क और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर मप्र वन विभाग ने प्रदेश के 46 वनकर्मियों को सम्मानित किया है। इसमें कान्हा टाइगर रिजर्व के 4 वनकर्मी जितेंद्र अवासे रेंज ऑफिसर किसली, कुंवर सिंह तेकाम असिस्टेंट रेंजर सौंडर, रमेश राहंगडाले फॉरेस्ट गार्ड कान्हा और हज्जी लाल बैगा फॉरेस्ट गार्ड रोंदा शामिल हैं।
किसली के रेंज ऑफिसर जितेंद्र अवासे को टाइगर गणना 2022 में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए, कुंवर सिंह तेकाम असिस्टेंट रेंजर सौंडर को संरक्षण, सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और अवैध शिकार विरोधी असाधारण प्रयासों के लिए, रमेश राहंगडाले, फारेस्ट गार्ड कान्हा को वन गश्त, बारासिंघा पुनरुद्धार, वैज्ञानिक वन्यजीव प्रबंधन के लिए और हज्जीलाल बैगा वन रक्षक रोंदा को बारहसिंगा के स्थानांतरण और आवास विकास में उनके समर्पित प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया है।