नीमच। जिले में 12 से 14 अक्टूबर तक संचालित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला चिकित्सालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव, डॉ. प्रवीण पांचाल और डीसीएम चंद्रपाल सिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर फ्रूट मार्केट होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरकर पुनः जिला चिकित्सालय में संपन्न हुई। रैली में आशा कार्यकर्ताओं और नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने “दो बूंद जिंदगी की” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मनीष यादव ने बताया कि अभियान के पहले दिन रविवार को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जाएगी। जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर पोलियो की दवा दी जाएगी। अभियान का शुभारंभ रविवार सुबह 9 बजे ट्रॉमा सेंटर से जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं और “पोलियो मुक्त भारत” बनाने में सहयोग करें।