चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जा रही है। इसी अभियान के तहत ग्राम पंचायत घोसुण्डा के ग्राम गाडरियावास निवासी कृषक जगदीश चंद्र खटीक एवं बाबूलाल खटीक (पुत्र नानूराम खटीक) को कृषि विभाग की तारबंदी योजना का लाभ प्राप्त हुआ।
शिविर में मिली योजना की जानकारी-
कृषकों को कृषि विभाग द्वारा आयोजित शिविर में सहायक कृषि अधिकारी ने तारबंदी योजना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने पर दोनों कृषकों ने वर्ष 2025-26 में समूह के रूप में 700 मीटर तारबंदी का कार्य करवाया।
84 हजार रुपये का मिला अनुदान-
योजना के तहत दोनों किसानों को 84 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। विभागीय सत्यापन के लगभग 25 दिनों बाद अनुदान राशि उनके खातों में जमा कर दी गई।
फसल सुरक्षा हुई मजबूत-
किसानों ने बताया कि तारबंदी होने से उनकी फसल अब जंगली जानवरों से सुरक्षित है, जिससे नुकसान कम हुआ है और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
सरकार व विभाग के प्रति आभार-
लाभार्थियों ने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से मिली जानकारी उनके लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुई है। यह योजना किसानों के लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ फसल सुरक्षा का प्रभावी माध्यम बन रही है।