शाजापुर। अपराधों की पतारसी, आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी में सराहनीय कार्य करने वाले शाजापुर पुलिस के 11 अधिकारी-कर्मचारियों को ‘POLICE PRIDE OF THE WEEK’ के लिए चयनित किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को यह सम्मान दिया गया है।
सो रही महिला के गले से लूटा था मंगलसूत्र
मामला थाना सुनेरा क्षेत्र का है। 17 सितंबर 2026 की रात अज्ञात आरोपियों ने एक मकान के कमरे का दरवाजा तोड़कर सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया था। फरियादिया की शिकायत पर थाना सुनेरा में अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) और 331(3) में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने प्रभावी पतारसी करते हुए 8 अक्टूबर 2026 को होकमसिंह निवासी कंजर डेरा देवड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 40 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र और 1 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, कुल 3 लाख 40 हजार रुपये का मश्रुका बरामद किया गया।
इन पुलिसकर्मियों को मिला चयन
थाना सुनेरा से उपनिरीक्षक आर.सी. यादव, प्रधान आरक्षक रविन्द्र राय, प्रधान आरक्षक कपिल नागर, आरक्षक मनोज शर्मा, अखिलेश भंडारी, अरुण यादव, पुष्पेन्द्रसिंह, सुनील और नवीन नागर को चयनित किया गया है। इसके अलावा थाना बेरछा के आरक्षक महेश कुमार और पुलिस लाइन शाजापुर के आरक्षक अरुण वारस्कले को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए चुना गया है।
आरक्षक अरुण वारस्कले ने 29 सितंबर 2026 को माधोपुरा कंजर डेरा में थाना अकोदिया पुलिस की दबिश के दौरान ड्रोन कैमरा संचालित कर आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पुलिस विभाग ने अपराधों की पतारसी, आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति की बरामदगी में इन पुलिसकर्मियों के योगदान को सराहते हुए उन्हें ‘POLICE PRIDE OF THE WEEK’ के लिए चयनित किया है।