भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में दिग्गज नेताओं के बेटे अब खेल संगठनों के जरिए अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। चुनावी राजनीति में सीधे टिकट मिले या नहीं, लेकिन खेल संघों में पद संभालकर वे युवाओं के बीच अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। महाआर्यमन सिंधिया के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की वॉलीबॉल संगठन में एंट्री ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है।
क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स जैसे खेलों में नेता पुत्रों की बढ़ती भूमिका को मध्य प्रदेश की सियासत में एक नए ट्रेंड के तौर पर देखा जा रहा है।
महाआर्यमन सिंधिया: क्रिकेट संघ की कमान
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया सितंबर 2025 में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष चुने गए। 29 वर्ष की उम्र में निर्विरोध अध्यक्ष बनकर उन्होंने सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में इस संगठन की कमान संभाली। उनसे पहले उनके दादा माधवराव सिंधिया और पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।
कार्तिकेय सिंह चौहान: वॉलीबॉल के जरिए बढ़ाई सक्रियता
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान बुधनी विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। अब उन्होंने खेल संगठन में भी जिम्मेदारी संभाली है। कार्तिकेय मध्य प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। उनका कार्यकाल 2026 से 2030 तक रहेगा। चुनाव में प्रदेश के 33 जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
आकाश विजयवर्गीय: क्रिकेट की पिच पर नई पारी
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय को 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला था। जनवरी 2024 में वे इंदौर संभागीय क्रिकेट संगठन के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इससे पहले उनके पिता कैलाश विजयवर्गीय भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर: हॉकी और MMA में भूमिका
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बड़े बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर भी खेल संगठनों में सक्रिय हैं। वे हॉकी इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स इंडिया में भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वे मध्य भारत हॉकी संघ के अध्यक्ष रह चुके हैं।
प्रबल प्रताप सिंह तोमर: पेनचक सिलाट और MMA में सक्रिय
नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे बेटे प्रबल प्रताप सिंह तोमर भी खेल संगठनों से जुड़े हैं। वे पेनचक सिलाट फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दिल्ली-NCR की एसोसिएशन ऑफ मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष हैं।
खेल संगठन बने सियासी सक्रियता का नया मंच?
इन उदाहरणों के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में यह सवाल उठ रहा है कि क्या खेल संगठन नेता पुत्रों के लिए युवाओं से जुड़ने और अपनी सार्वजनिक पहचान मजबूत करने का नया मंच बन रहे हैं? खेल संघों की जिम्मेदारियों से उन्हें संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक संपर्क का अवसर मिलता है। हालांकि, इन पदों को सीधे चुनावी टिकट या राजनीतिक भविष्य से जोड़ना अभी जल्दबाजी होगी।